रामनगर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई लाखों की चोरी और लाचार कानून-व्यवस्था के विरोध में आम आदमी पार्टी नेता मिथलेश साहू के नेतृत्व में पुलिस चौकी का घेराव।
सोती हुई रायपुर पुलिस को जगाने AAP नेता मिथलेश साहू के नेतृत्व में रामनगर पुलिस चौकी का हुआ घेराव

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर: गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित ‘श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स’ में दीवार तोड़कर हुई 8 से 10 लाख रुपये की दुस्साहसिक चोरी के विरोध में आज आम आदमी पार्टी ने आक्रामक रुख अख्तियार किया। रामनगर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई इस बड़ी वारदात और क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी व चाकूबाजी के विरोध में आज आप नेता एवं छाया पार्षद मिथलेश साहू के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने रामनगर पुलिस चौकी का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में थाली और तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सोती हुई पुलिस को जगाने का सांकेतिक प्रदर्शन किया।


पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम पूरी तरह फेल: मिथलेश साहू
घेराव को संबोधित करते हुए मिथिलेश साहू ने कहा कि “रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। जब पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूर चोर आराम से दीवार तोड़कर लाखों का माल साफ कर देते हैं और पुलिस को भनक तक नहीं लगती, तो इससे साफ जाहिर होता है कि रात्रि गश्त के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशाखोरी और चाकूबाजी आम बात हो गई है, जिससे आम जनता और व्यापारी भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी:
प्रदर्शन के पश्चात पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें रखी गईं:
* सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 48 घंटे के भीतर चोरों को गिरफ्तार किया जाए और व्यापारी का चोरी गया माल बरामद कराया जाए।
* क्षेत्र में अवैध नशा बेचने वालों और चाकूबाजों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
* रात्रि में पुलिस पेट्रोलिंग को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
आप नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अपराधियों को पकड़ा नहीं गया और कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस घेराव प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष यूथ विंग इमरान खान, शिव शर्मा, RS ठाकुर, संजय गुप्ता, अनुराधा शुक्ला, डॉ विजय देवांगन, श्याम शर्मा, धनेश्वर नेताम, रवि ध्रुव, भारती, कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी व व्यापारी भाई उपस्थित रहे।



