क़ृषि व्यापार एवं रोजगारप्रमुख खबरें

PF का पैसा ATM-UPI से निकलेगा, 3 दिन में क्लेम सेटल, तुरंत जानें कैसे और कब?

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए आने वाले समय में पीएफ से जुड़ी सेवाएं पहले से ज्यादा आसान हो सकती हैं। संगठन अपने डिजिटल सिस्टम को पूरी तरह आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए EPFO 3.0 प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है, जिसे फरवरी 2027 तक शुरू किए जाने की संभावना है। नए सिस्टम के लागू होने के बाद कर्मचारियों को पीएफ निकासी, क्लेम सेटलमेंट और खाते से जुड़ी दूसरी सेवाओं के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खास बात यह है कि भविष्य में कर्मचारी UPI और ATM के जरिए भी अपने पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे।

Financial Express की रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने अक्टूबर 2025 में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के ढांचे को मंजूरी दी थी। उस समय इसे एक साल के भीतर लागू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। प्रोजेक्ट के लिए तकनीकी कंपनी का चयन भी किया जा चुका है। ऐसे में फरवरी में प्रस्तावित बोर्ड की अगली बैठक में इसके क्रियान्वयन को लेकर घोषणा की जा सकती है।

50 साल तक 200 करोड़ सदस्यों का डेटा संभालेगा नया सिस्टम

EPFO 3.0 को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। एक अधिकारी के मुताबिक, नए आईटी सिस्टम की क्षमता इतनी होगी कि यह अगले 50 वर्षों तक करीब 200 करोड़ सदस्यों का डेटा संभाल सके। फिलहाल EPFO में 36 करोड़ से अधिक सक्रिय सदस्य हैं।

इस प्रोजेक्ट के तहत संगठन का मौजूदा तकनीकी ढांचा बदला जाएगा। इसमें नया आईटी सिस्टम और कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS) सॉफ्टवेयर शामिल होगा। इसका उद्देश्य पीएफ से जुड़ी सेवाओं को बैंकिंग की तरह एकीकृत और सुविधाजनक बनाना है। सभी जरूरी सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की योजना है।

20 दिन की जगह 3 दिन से कम में निपटेंगे PF क्लेम

EPFO 3.0 का सबसे बड़ा फायदा क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया में देखने को मिल सकता है। अभी पीएफ से जुड़े क्लेम के निपटारे में कई बार 20 दिन तक का समय लग जाता है। नए सिस्टम में यह अवधि घटकर तीन दिन से भी कम हो सकती है।

दरअसल, नए सॉफ्टवेयर में ऐसे क्लेम को ऑटोमेटिक तरीके से निपटाने की व्यवस्था होगी, जिनकी जरूरी जांच और जोखिम से जुड़ी शर्तें पूरी होंगी। ऐसे मामलों में फाइल को किसी अधिकारी के पास मैन्युअल मंजूरी के लिए भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे कर्मचारियों को पीएफ का पैसा मिलने में देरी कम होगी।

UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा

नए सिस्टम में पीएफ निकासी के तरीके भी बदलने वाले हैं। EPFO 3.0 के तहत सदस्यों को ATM और UPI के माध्यम से अपना पीएफ पैसा निकालने की सुविधा देने की तैयारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, UPI से निकासी की तकनीकी व्यवस्था लगभग तैयार है और इसका ट्रायल भी अंतिम चरण में है। यह सुविधा दिसंबर 2026 तक शुरू हो सकती है।

इसके अलावा EPFO ने WhatsApp के जरिए भी सदस्यों को कई सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। अब कर्मचारी इस माध्यम से अपना पीएफ बैलेंस, पासबुक और पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को भी मिलेगा फायदा

EPFO 3.0 का दायरा केवल संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। सोशल सिक्योरिटी कोड के तहत असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और गिग वर्कर्स को भी पीएफ जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। इसके लिए अलग-अलग पेमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से पीएफ खाते में योगदान करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

रिटायरमेंट के बाद किस्तों में मिलेगा PF का पैसा

EPFO ने हाल ही में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को भी मंजूरी दी है। इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपना पूरा पीएफ बैलेंस एक साथ निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में पैसा प्राप्त कर सकेंगे। इससे रिटायरमेंट के बाद भी कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

वहीं, EPFO 2.0 के तहत भी पिछले एक साल में कई बदलाव किए गए हैं। इनमें क्लेम प्रक्रिया को आसान बनाने और नया पोर्टल शुरू करने जैसे कदम शामिल हैं। नए पोर्टल पर अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों के डेटाबेस को मिलाकर केंद्रीय डेटाबेस तैयार किया गया है। अब EPFO 3.0 के जरिए इन सेवाओं को और तेज तथा सुविधाजनक बनाने की तैयारी है।

Related Articles

Back to top button