Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा
बिसलेरी के सैंपल फेल होने के बाद पैकेज्ड वाटर पर उठ रहा सवाल कस्बों और ग्रामीण इलाकों में धड़ल्ले से बिक रहा ब्रांडेड नाम से मिलते जुलते नाम का पानी खाद्य सुरक्षा विभाग को बड़े ब्रांड के साथ-साथ छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में संचालित वाटर प्लांट की भी करनी चाहिए नियमित जांच

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोतलबंद पानी को सुरक्षित समझकर पीने वाले लोगों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर है। देश के बड़े पैकेज्ड वाटर ब्रांड बिसलेरी के सैंपल को लेकर FSSAI की जांच में सवाल उठे हैं। वहीं, दूसरी तरफ अवैध वाटर प्लांट और मिलते-जुलते नाम से पानी बेचने वाली कंपनियों का कारोबार भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती बना हुआ है।
जल ही जीवन है, लेकिन अगर पीने के पानी की शुद्धता पर ही सवाल खड़े होने लगें तो चिंता होना लाजिमी है। शहरों से लेकर छोटे कस्बों और गांवों तक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की मांग तेजी से बढ़ी है। लोग घर से बाहर निकलते ही पानी की बोतल खरीद लेते हैं। बोतल पर लगा ब्रांड और सील देखकर उन्हें लगता है कि पानी सुरक्षित है। लेकिन बिसलेरी के एक सैंपल को लेकर सामने आए जांच के निष्कर्षों ने इस भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, बिसलेरी के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने जांच के नतीजों पर आपत्ति जताई और सैंपल की दोबारा जांच की मांग की। इसके बाद रेफरल लैब में हुई जांच में भी नमूने को असुरक्षित बताया गया। इस बार इसकी वजह पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी बताई गई।
हालांकि, कंपनी का कहना है कि संबंधित सैंपल सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट से लिया गया था और उसकी अपनी जांच में पानी सुरक्षित पाया गया। ऐसे में जांच के निष्कर्ष और कंपनी के दावे के बीच अंतर को समझना जरूरी है। लेकिन इस पूरे विवाद ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब बड़े ब्रांड के पानी की गुणवत्ता जांच के दायरे में है तो बाजार में बिकने वाले छोटे और लोकल ब्रांड की निगरानी कितनी प्रभावी है?
BIS मार्क अनिवार्य नहीं, FSSAI ने बदली जांच व्यवस्था
पैकेज्ड पानी खरीदते समय लोग अक्सर बोतल पर ISI या BIS मार्क तलाशते हैं। इसे पानी की गुणवत्ता का प्रमाण मानकर खरीदारी करते हैं। हालांकि, 2026 से इस व्यवस्था में बदलाव हुआ है। FSSAI की 17 दिसंबर 2025 की अधिसूचना के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए BIS सर्टिफिकेशन मार्क अनिवार्य नहीं रहा।
इसके स्थान पर FSSAI ने अनिवार्य टेस्टिंग फ्रेमवर्क लागू किया है। इन दोनों श्रेणियों को हाई रिस्क फूड कैटेगरी में रखा गया है। इसके तहत पानी की गुणवत्ता की जांच, निगरानी और थर्ड पार्टी ऑडिट जैसी व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया है। हालांकि, BIS मार्क की अनिवार्यता खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि अब बिना लाइसेंस या गुणवत्ता मानकों का पालन किए पानी बेचा जा सकता है। खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियम अब भी लागू हैं।
ब्रोमेट और PAHs जैसे रसायन क्यों हैं चिंता की वजह?
बिसलेरी के मामले में ब्रोमेट और PAHs की मौजूदगी को लेकर सवाल उठे हैं। ब्रोमेट पानी के ट्रीटमेंट की कुछ प्रक्रियाओं के दौरान बन सकता है। वहीं PAHs रसायनों का एक समूह है, जिसके कुछ तत्व स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह और कैंसरकारी हो सकते हैं।इन रसायनों का जोखिम उनकी मात्रा और संपर्क की अवधि पर निर्भर करता है। इसलिए निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में इनकी मौजूदगी को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है।पानी की गुणवत्ता खराब होने की वजह केवल रासायनिक प्रदूषण नहीं है। दूषित स्रोत, खराब RO सिस्टम, गंदे स्टोरेज टैंक और बोतलों की ठीक से सफाई नहीं होना भी पानी को असुरक्षित बना सकता है।
छह सैंपल में पांच पास, एक पर कार्रवाई; बिसलेरी ने क्या कहा?
इस विवाद में कंपनी के पक्ष को भी समझना जरूरी है। बिसलेरी के मुताबिक, FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को गोवा प्लांट से छह सैंपल लिए थे। इनमें पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली।कंपनी ने जांच के नतीजों को चुनौती दी। उसका दावा है कि बाद में स्वतंत्र प्रयोगशाला में कराई गई जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह गुणवत्ता जांच की कई प्रक्रियाओं का पालन करती है और नियामक के साथ सहयोग करने को तैयार है।



