छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, अगले तीन दिन भारी बारिश के आसार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर तथा चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी 2 से 7 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को भी बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है



