लोकसभा बस्तर संभाग में संगठन विस्तार प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद आम
बस्तर संभाग में संगठन विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों को गति देंगे प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

जगदलपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी एवं उप नेता प्रतिपक्ष दिल्ली विधानसभाव दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मुकेश अहलावत जी का 25 नवम्बर से 03 दिसंबर 2026 तक बस्तर संभाग का दौरा निर्धारित है। इस दौरान वे बस्तर संभाग की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर विधानसभा कमेटियों, ब्लॉक अध्यक्षों, बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें और मुलाकात करेंगे।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग में आम आदमी पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, बूथ स्तर तक पार्टी की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित के मुद्दों से जोड़ना है।
प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत जी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी तथा आम नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर जो कार्य किए हैं, उनकी जानकारी बस्तर संभाग के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और गांव तक पहुंचाई जाएगी। छत्तीसगढ़ में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पार्टी को मजबूत करने और जनता की आवाज उठाने का काम किया जाएगा।
बस्तर लोकसभा प्रभारी समीर खान ने कहा कि बस्तर आज अनेक गंभीर राजनीतिक और जनहित से जुड़े सवालों से गुजर रहा है। आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकार, स्थानीय युवाओं के रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली, किसानों की समस्याएं, सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों पर जनता जवाब चाहती है। बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों, आदिवासी संस्कृति और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर गंभीर चर्चा और जवाबदेही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत जी का यह दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। विधानसभा स्तर पर बैठकों के माध्यम से ब्लॉक अध्यक्षों और बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद होगा। कार्यकर्ताओं को दिल्ली और पंजाब में पार्टी के कामकाज, आम आदमी पार्टी की नीतियों तथा अरविंद केजरीवाल जी की जनहितकारी राजनीति के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि बस्तर के प्रत्येक गांव, पंचायत और बूथ तक संगठन पहुंचे तथा स्थानीय जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाए।
समीर खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी बस्तर के स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएगी। संगठन को केवल पदाधिकारियों तक सीमित न रखकर गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा, ताकि आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे पार्टी तक पहुंचा सकें और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जा सके।



