रायपुर के उरला में बड़ा हादसा, 3डी फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, 2 से 3 मजदूरों के मरने की आशंका

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां के बेंद्री स्थित 3डी फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में दो से तीन मजदूरों के मौत की आशंका है। कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि मजदूरों के मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई अन्य मजदूरों के लापता होने की आशंका है। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, 108 एंबुलेंस और बचाव दल राहत एवं सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से ये हादसा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में धुआं फैल गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास का इलाका खाली करा दिया है। फिलहाल, विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
कुछ मजदूर बाहर आए
यहां काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के भीतर अचानक तेज धमाका हुआ। जिसके बाद परिसर में अफरा तफरी मच गई। धमाके के बाद कई मजदूर बाहर निकल आए। कुछ मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और लापता मजदूरों की तलाश जारी है
- रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा
- काम के दौरान फैक्ट्री में सिंलेडर फटा
- कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका
- राहत और बचाव कार्य जारी
पुलिस ने परिसर को सील किया
पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी तरफ यहां काम करने वाले मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। परिजनों ने हंगामा किया है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर कंपनी का कोई जिम्मेदारी अधिकारी नहीं पहुंचा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।



