KBC में छत्तीसगढ़ के योगेश साहू ने जीते 50 लाख

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के छोटे से गांव टेहका से निकलकर योगेश साहू ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है। ‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ में हॉट सीट पर पहुंचे 23 वर्षीय योगेश ने अपनी समझ और तर्कशक्ति के दम पर 50 लाख रुपये की राशि जीत ली। एक करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचने के बाद उन्होंने जोखिम नहीं लिया और गेम क्विट कर दिया।

योगेश साहू की उपलब्धियों की कहानी भी बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और संस्थान में टॉपर रहे। कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें करीब 1.5 लाख रुपये प्रतिमाह की नौकरी मिली थी, लेकिन उन्होंने नौकरी करने के बजाय अपना लक्ष्य आईएएस बनना तय किया और नौकरी छोड़ दी।
केबीसी में 50 लाख रुपये के सवाल में योगेश के सामने कुछ शहरों और वर्षों की एक सूची रखी गई थी। योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। मिले संकेत से उन्होंने सवाल की कड़ी को नोबेल पुरस्कार विजेताओं से जोड़ा और सही जवाब तिरुचिरापल्ली चुना। जवाब सही होने के साथ ही उन्होंने 50 लाख रुपये जीत लिए। इसके बाद जब उनके सामने एक करोड़ रुपये का सवाल आया तो योगेश ने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर खेल छोड़ने का फैसला किया था।



