प्रमुख खबरें

रायपुर में ग्रेडर की टक्कर से महिला की मौत:गुस्साए ग्रामीणों ने मशीन फूंकी, देर रात तक प्रदर्शन

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के सिवनीकला गांव में शुक्रवार 19 जून की रात को सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद जमकर बवाल मच गया।

घर के बाहर खड़ी एक महिला ग्रेडर वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्रेडर में आग लगा दी और देर रात तक पुलिस व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।

जानकारी के मुताबिक, गांव में सड़क निर्माण या मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रेडर चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी। वाहन के नीचे आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने ठेकेदार और मशीन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण एक निर्दोष महिला की जान चली गई।

ग्रेडर में लगाई ग्रामीणों ने आग

गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर खड़े ग्रेडर में आग लगा दी। देखते ही देखते मशीन धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

ग्रामीणों ने मुआवजा देने की मांग की

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अभनपुर थाने पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने दोषी चालक और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button