छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

छठ महापर्व का समापन कल, व्रती महिला देंगे डूबते सूर्य को अर्घ्य, महादेव घाट में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। शुक्रवार से शुरू हुए पर्व के दौरान कल  रविवार को शहर के 50 से ज्यादा नदी-तालाबों के किनारे आस्था का संगम देखने को मिलेगा। खारुन नदी के महादेव घाट से लेकर हीरापुर के छुईया तालाब, सड्डू तालाब और बिरगांव के व्यास तालाब तक श्रद्धालु सूर्योपासना करेंगे। घाटों की सफाई, सजावट और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। महादेव घाट पर होने वाले आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। वहीं, बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महादेव घाट, हीरापुर, सड्डू और बिरगांव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

यहां यह उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व की विशेषता अस्त और उदय होते सूर्य की आराधना है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव जीवन और ऊर्जा के स्रोत हैं। छठी मइया की पूजा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली के लिए की जाती है। व्रती कठिन उपवास रखते हैं। पूजा में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। घाटों की सामूहिक सफाई इस पर्व की प्रमुख परंपराओं में शामिल है।

महादेव घाट पर 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीत प्रस्तुत करेंगी। छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका और झांकियां पेश करेगी। इसी शाम घाट पर महाआरती भी होगी। बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर संध्या अर्घ्य और सुबह के उषा अर्घ्य के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस बार यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

हीरापुर के छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजन किया जाएगा। यहां पटना से कलाकार पहुंचेंगे। वहीं, सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से शाम 4 बजे से कार्यक्रम होगा। इसमें लल्लू महाराज और भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति देंगे। महादेव घाट के अलावा व्यास तालाब, आमा तालाब, मच्छी तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित शहर के अलग-अलग घाटों पर भी श्रद्धालु पूजा करेंगे।

Related Articles

Back to top button