छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में फाइनेंसकर्मी से साइबर ठगी:साइबर ठगों ने RTO ई चालान में एपीके फाइल भेज कर ठगे 2.63 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को आरटीओ के ई-चालान के नाम पर ठगों ने अपना शिकार बना लिया।

ठगों ने एपीके फाइल भेजकर पीड़ित के बैंक खाते से 2.63 लाख रुपये से अधिक की राशि पार कर दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आजाद चौक थाना पुलिस के अनुसार प्रेम नगर, मोवा निवासी 35 वर्षीय आशीष वर्मा हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी हैं और उनका कार्यालय आजाद चौक क्षेत्र में स्थित है।

6 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में आरटीओ का ई-चालान होने का दावा किया गया था और उसके साथ एक एपीके फाइल भेजी गई थी।

आशीष वर्मा ने इसे वास्तविक ई-चालान समझकर फाइल को डाउनलोड कर ओपन कर लिया। इसके कुछ ही समय बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली।

देखते ही देखते उनके एक्सिस बैंक खाते से कुल 2 लाख 63 हजार 673 रुपये की राशि विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर कर ली गई।

घटना की जानकारी पीड़ित को बाद में हुई। बैंक खाते की जांच करने पर रकम गायब होने का पता चला। इसके बाद आशीष वर्मा ने आजाद चौक थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस-साइबर सेल ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर सेल की सहायता ली है। अधिकारियों का कहना है कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।

साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश को बिना सत्यापन के डाउनलोड या ओपन न करें।

Related Articles

Back to top button