कांकेर में मौसम का तांडव, बिजली और यातायात दोनों ठप

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र में बुधवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण बांदे-पखांजूर मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर विशाल पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हालात इतने खराब हो गए कि यात्री बसों का संचालन भी रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।
आंधी का सबसे ज्यादा असर बांदे-पखांजूर मुख्य सड़क पर देखने को मिला। तेज हवा के झोंकों से सड़क किनारे खड़े कई बड़े पेड़ जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ इस तरह गिरे कि पूरी सड़क बंद हो गई और किसी भी वाहन का निकलना संभव नहीं रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात से ही मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसके कारण कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए। पेड़ों के गिरने से कई बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है।

मुख्य सड़क बंद होने का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ा। बांदे-पखांजूर मार्ग पर चलने वाली यात्री बसों का संचालन रोकना पड़ा। कई निजी वाहन और मालवाहक ट्रक भी घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। रास्ता बंद होने से लोगों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने पड़े, जबकि कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
तेज आंधी का असर बांदे स्थित बीएसएफ कैंप परिसर में भी देखने को मिला, जहां एक बड़ा पेड़ गिरने की सूचना है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह बांदे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने का अभियान शुरू किया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात सामान्य करने के लिए लगातार राहत कार्य जारी है।



