छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में चाकू की नोक पर दो लूट की वारदात:5 साल के बेटे के सामने बाप को मारा चाकू, कैश और फोन लेकर भागे

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर में बेखौफ बदमाशों ने चाकू की नोक पर दो अलग-अलग लूट की वारदातों को अंजाम दिया। आरंग के सोनपैरी गांव में 5 साल के मासूम बेटे के सामने उसके पिता पर चाकू से हमला कर लूटपाट की गई।

वहीं, खरोरा थाना क्षेत्र के निलजा मोड़ के पास ग्राम पवनी धरसींवा निवासी प्रमोद वर्मा से फोन और कैश की लूट हुई है। दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनसे मारपीट भी की है। दोनों ही मामले में पुलिस जांच कर रही है।

पहला मामला: बेटे के सामने पिता से लूट

आरंग पुलिस के अनुसार, ग्राम मोखला निवासी चंद्रप्रकाश डहरिया 15 मई को ससुराल तूता से बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। रात में जैसे ही वह सोनपैरी गांव के पास मुख्य नहर के करीब पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने युवक से लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू निकालकर उसके पेट और कंधे पर कई वार किए। हमले में घायल चंद्रप्रकाश सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल और करीब 2 हजार रुपए कैश लूटकर फरार हो गए।

पूरी घटना के दौरान उसका 5 साल का बेटा मौके पर मौजूद था और पिता को बचाने की गुहार लगाता रहा। बाद में राहगीर भावेश साहू और दीपक साहू ने घायल युवक को आरंग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दूसरा मामला: खरोरा में बाइक लूटकर हुए फरार

इधर, दूसरी वारदात खरोरा थाना क्षेत्र के निलजा मोड़ के पास हुई। ग्राम पवनी धरसींवा निवासी प्रमोद वर्मा बाइक से जा रहे थे। निलजा मोड पास सारागाांव में वो रुके। इस दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनसे मारपीट की। दो मोबाइल और 1200 रुपए कैश लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस को लूटे गए सामान की कीमत 21 हजार रुपए बताई है। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दो संदेहियों से चल रही पूछताछ

इस मामले में माना सीएसपी लंबोदर पटेल ने आरंग में हुई चाकूबाजी की पुष्टि की है। सीएसपी ने बताया कि, घटना की सूचना मिलने के बाद दो संदेहियों को पूछताछ के लिए बिठाया है। जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button