T20 World Cup 2026: चोट, फॉर्म या खराब टाइमिंग, शुभमन गिल के बाहर होने की क्या है बड़ी वजह? जानें इनसाइड स्टोरी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
स्पोर्ट्स टी20 वर्ल्ड कप-2026 के लिए टीम इंडिया के ऐलान ने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने शनिवार को मुंबई में 15 सदस्यीय टीम घोषित की, लेकिन सबसे चौंकाने वाला फैसला उप-कप्तान शुभमन गिल को बाहर करना रहा।
टीम चयन से कुछ घंटे पहले तक गिल अहमदाबाद में टीम के साथ मौजूद थे, जहां भारत ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज अपने नाम की थी। हालांकि, सीरीज के आखिरी मुकाबले में गिल चोट के कारण नहीं खेल पाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक चोट गंभीर नहीं थी, लेकिन टीम मैनेजमेंट किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था।
गिल को इंजेक्शन देकर खिलाने का विकल्प भी सामने आया
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, गिल को इंजेक्शन देकर खिलाने का विकल्प भी सामने आया था, लेकिन आगे की सीरीज और वर्कलोड को देखते हुए यह फैसला टाल दिया गया। सूत्रों का कहना है कि यह पूरी तरह एहतियाती कदम था, क्योंकि चोट छोटी थी और किसी तरह का फ्रैक्चर नहीं पाया गया।
थिंक-टैंक में बदली तस्वीर
इसी बीच टीम के थिंक-टैंक में ओपनिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई। लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 से पहले संजू सैमसन को मौका देने पर विचार हुआ। बारिश के कारण लखनऊ मैच रद्द हुआ, लेकिन अहमदाबाद में संजू को ओपनिंग का मौका मिला और उन्होंने इसे दोनों हाथों से भुनाया।
संजू ने 22 गेंदों पर 37 रन की तेज पारी खेली और अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। यही पारी निर्णायक साबित हुई। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को लगा कि टी20 फॉर्मेट में ओपनिंग के लिए संजू ज्यादा मुफीद विकल्प हैं।
गिल की फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन
गिल का हालिया टी20 ट्रैक रिकॉर्ड भी उनके खिलाफ गया। वह टी20 वर्ल्ड कप-2024 में केवल रिजर्व खिलाड़ी थे और टूर्नामेंट के बीच ही रिलीज कर दिए गए थे। इसके बाद एशिया कप में उनकी वापसी उप-कप्तान के तौर पर हुई, जिसने कई सवाल खड़े किए। मौजूदा सीरीज में भी फॉर्म उनके पक्ष में नहीं रही।
दूसरी ओर, संजू लंबे समय से इनफॉर्म थे, लेकिन पहले उन्हें मिडिल ऑर्डर में उतारा गया, जहां वह सहज नहीं दिखे और प्लेइंग-11 से बाहर हो गए। अहमदाबाद में ओपनिंग करते ही तस्वीर बदल गई।



