छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

सीएम हेल्पलाइन पर रेत के अवैध भंडारण की शिकायत:90 ट्रैक्टर और 80 हाईवा रेत जब्त, तीन वाहन भी सीज, खनिज-राजस्व विभाग की जांच जारी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर  मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में मिली शिकायत पर रायपुर जिले में रेत के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरंग विकासखंड के समोदा, कुरूद, मोहमेला और कुटेला क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण का मामला सामने आया।

जांच में ग्राम कुटेला-चिखली मुख्य मार्ग के किनारे प्रस्तावित तालाब क्षेत्र की शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के लगभग 90 ट्रैक्टर और 80 हाईवा रेत का अवैध भंडारण पाया गया। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरी रेत को जब्त किया गया।

प्रशासन ने अवैध भंडारण स्थल तक पहुंचने वाले रैंप मार्ग को भी जेसीबी से काटकर बंद कर दिया, ताकि आगे अवैध गतिविधियां न हो सकें।

तीन वाहन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन और भंडारण में उपयोग किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना के सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने संबंधित भंडारणकर्ता को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई।

खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। कार्रवाई दल में सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, नायब तहसीलदार गजानंद सिदार सहित खनिज एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button