जननी पोर्टल में रायपुर के निजी अस्पतालों की एंट्री अनिवार्य:नियम नही मानने पर होगा एक्शन, स्वास्थ्य और महिला बाल विकास योजनाओं की समीक्षा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभनपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन की अध्यक्षता में रेडक्रॉस सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और पहले दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी ली गई।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, रिक्त पदों, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, आभा आईडी, आधार सत्यापन और टेक होम राशन वितरण की समीक्षा की गई। सीईओ ने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
टीकाकरण और ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी, कुष्ठ रोग, मौसमी बीमारियों की रोकथाम और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को यू-विन पोर्टल में सभी जानकारी समय पर दर्ज करने, एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और जननी पोर्टल में सभी निजी अस्पतालों की जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। ऐसा नहीं करने वाले संस्थानों को नोटिस देने की बात भी कही गई।
सोनोग्राफी सुविधा और शिकायतों पर विशेष ध्यान
सीईओ ने बिरगांव और अभनपुर में सोनोग्राफी सुविधा के लिए आवश्यक समझौते करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में मिलने वाली शिकायतों का जल्द और संतोषजनक समाधान करने पर जोर दिया। बैठक में सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर और दोनों विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



