D.El.Ed परीक्षा में बड़ी लापरवाही:परीक्षा शुरू होने के डेढ़ घंटे बाद पहुंचे इनविजिलेटर, मोवा केंद्र का मामला; जांच जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजधानी रायपुर डीएलएड परीक्षा के दौरान राजधानी रायपुर के मोवा स्थित एक शासकीय स्कूल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। परीक्षा शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद तक कुछ इनविजिलेटर केंद्र पर नहीं पहुंचे, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्र में डीएलएड परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हो गई थी। केंद्र में परीक्षा संचालन के लिए कुल 16 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें से तीन शिक्षकों को इनविजिलेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन वे निर्धारित समय पर केंद्र नहीं पहुंचे।
बताया जा रहा है कि इनविजिलेटर की अनुपस्थिति के बीच परीक्षा शुरू करानी पड़ी। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
इस लापरवाही को परीक्षार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ माना जा रहा है। परीक्षा के दौरान पर्याप्त निगरानी व्यवस्था नहीं होने से परीक्षा संचालन की पारदर्शिता और सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित शिक्षकों की अनुपस्थिति के पीछे क्या कारण था और जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।


