छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में ट्रैफिक सुधारने कई जगहों पर लगेंगे सिग्नल:VIP रोड में नए साइन-बोर्ड लगेंगे, स्कूल-कॉलेज के पास तंबाकू बिक्री रोकने चलेगा अभियान

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर । कलेक्टोरेट में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति और NCORD की बैठक हुई। इसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। अलग-अलग जगहों पर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति को देखते हुए सड़क, डिवाइडर, सर्विस रोड और ट्रैफिक सिग्नल से जुड़े कामों की समीक्षा की गई। VIP रोड पर नो पार्किंग, धीरे चलें, गति सीमा, रॉन्ग साइड न चलें और सावधान क्रॉसिंग जैसे संकेतक बोर्ड लगाने की बात कही गई। श्रीराम मंदिर तिराहा से मंदिर तक बने अस्थायी डिवाइडर को स्थायी करने का प्रस्ताव है। तेलीबांधा चौक से किंग्सवे होटल रोड तक डिवाइडर और तेलगानी नाका क्षेत्र में गैरेजों के विस्थापन पर भी चर्चा हुई। जरूरत के अनुसार सर्विस रोड चौड़ी करने और नए सर्विस रोड बनाने के काम पर भी विचार किया गया।

7 जगहों पर सिग्नल लगाने की जरूरत

ट्रैफिक को आसान बनाने के लिए 7 जगहों पर नए सिग्नल लगाने की जरूरत बताई गई। इनमें द्रोणाचार्य स्कूल चौक-केनाल लिंकिंग रोड, कमल होटल के पास चौक, बोरियाकला तिराहा, अनुपम गार्डन चौक, धुप्पड़ पेट्रोल पंप के पास, एम्स गेट नंबर-4 के सामने और मंडी गेट तिराहा शामिल हैं। पंडरी कपड़ा मार्केट, पंडरी थाना के सामने दुबे कॉलोनी तिराहा और व्यास तालाब तिराहा क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

तंबाकू बिक्री और अतिक्रमण पर कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर ने पुलिस और जिला प्रशासन को मिलकर ट्रैफिक सुधार के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्कूल और कॉलेज के आसपास कोटपा अधिनियम के तहत गुटखा-तंबाकू बेचने वाली दुकानों पर कार्रवाई करने को कहा गया। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बस्तियों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बाजारों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए टीम प्रहरी के माध्यम से कार्रवाई करने को भी कहा गया। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button