‘रात के अंधेरे में तोड़ गए घर’, बीजेपी सांसद ने कहा- अधिकारियों पर हो कार्रवाई, नकटी गांव में अतिक्रमण पर घिरी भाजपा सरकार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर: नकटी गांव में प्रशासन के द्वारा की गई अतिक्रमण की कार्रवाई का विरोध तेज हो गया है। विपक्ष लगातार बीजेपी सरकार पर हमले कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ रायपुर संसदीय सीट से बीजेपी सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने भी इस कार्रवाई को गलत बताया है। ब्रजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जो भी लोग दोषी हैं उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

ओपी चौधरी के बंगले का घेराव
नकटी गांव के विस्थापित लोगों ने शुक्रवार को रायपुर में मंत्री ओपी चौधरी के बंगले का घेराव किया है। लोगों प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शंकर नगर की ओर जाने वाली सड़क के एक हिस्से को बंद कर दिया गया है।
क्या कहा ब्रजमोहन अग्रवाल ने
नकटी गांव में हुई कार्रवाई का सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने विरोध किया है। सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने कहा- नकटी गांव में की गई कार्रवाई गलत है। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में पहुंचकर तोड़फोड़ की कार्रवाई गलत है। दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, उन्होंने कहा कि मैं अपने स्टैंड पर कायम हूं, नकटी वालों के साथ हूं। मैं, ग्रामीणों के साथ कल भी था, आज भी हूं और कल भी रहूंगा।
बता दें कि 29 जून को रायपुर प्रशासन ने नकटी गांव में अतिक्रमण की कार्रवाई की थी। कार्रवाई से 2 दिन पहले ही ग्रामीण सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि बरसात तक कोई तोड़फोड़ नहीं होगी। उन्होंने कहा था कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है।
- नकटी गांव में कार्रवाई के खिलाफ बीजेपी सांसद
- सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने लोगों को दिया था भरोसा
- सांसद ने कहा- दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो
- 29 जून को प्रशासन ने नकटी गांव में की थी कार्रवाई
80 मकानों को तोड़ा गया
सासंद के भरोसे के बाद भी प्रशासन ने 29 जून को नकटी गांव में कार्रवाई की। प्रशासन ने यहां 80 घर तोड़ दिए। जिसके बाद लोग खुले में रहने को मजबूर हैं। अब इस मामले में विपक्ष सरकार पर हमलावर है। प्रशासन का दावा है कि नकटी गांव में की गई सही है। अवैध जमीन पर अतिक्रमण की कार्रवाई की गई है।



