FTV क्लब के टेक्नो कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग, आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने पुलिस प्रशासन को सौंपा आपत्ति ज्ञापन

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। आम आदमी पार्टी यूथ विंग द्वारा रायपुर के VIP रोड स्थित फैशन टीवी (FTV) क्लब में आयोजित होने वाले टेक्नो पार्टी कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की गई है।

आम आदमी पार्टी यूथ विंग का कहना है कि रायपुर में पूर्व में आयोजित कुछ टेक्नो एवं नाइट पार्टी कार्यक्रमों के दौरान पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पार्टी का आरोप है कि पूर्व में ड्रग्स मामले में पकड़े गए कुछ व्यक्ति वर्तमान में जमानत पर बाहर आने के बाद FTV क्लब में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में दिखाई दे रहे हैं।
यूथ विंग ने सवाल उठाया है कि यदि पूर्व में ड्रग्स मामले में कार्रवाई का सामना कर चुके लोग लगातार ऐसे टेक्नो कार्यक्रमों में दिखाई दे रहे हैं, तो क्या पुलिस प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों में नशीले पदार्थों की संभावित सप्लाई को रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी की जा रही है?
हालांकि, किसी व्यक्ति का किसी क्लब या कार्यक्रम में दिखाई देना अपने-आप में उसके द्वारा ड्रग्स सप्लाई करने का प्रमाण नहीं है। इसी कारण आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।
इसी संबंध में आज सहायक पुलिस अधिकारी श्री रमाकांत साहू जी को आपत्ति ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से FTV क्लब के प्रस्तावित टेक्नो पार्टी कार्यक्रम की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्यक्रम को रोकने की मांग की गई है।
आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने मांग की है कि कार्यक्रम के दौरान ड्रग्स की बिक्री एवं सेवन, नाबालिगों के प्रवेश, निर्धारित समय के बाद संचालन तथा अन्य कानूनी नियमों के उल्लंघन पर पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा सख्त निगरानी रखी जाए।
आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने कहा है कि यदि शिकायत एवं आपत्ति के बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती, तो पार्टी द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
साथ ही, पार्टी ने कहा है कि आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर सवाल उठाते हुए आबकारी मंत्री के पुतले का दहन किया जाएगा।आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य युवाओं की सुरक्षा, नशे की रोकथाम और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है तथा प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा है।



