रायपुर में सोलर पैनल लगा रहे मजदूरों की मौत:हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 मजदूरों को लगा करंट, पुलिस ने शुरू की जांच


रायपुर राजधानी के प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में शनिवार को सोलर पैनल लगाते समय दर्दनाक हादसा हो गया।

एक मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों का नाम पुलिस द्वारा प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) बताया जा रहा है।
प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में घटना
पुलिस के मुताबिक, तीन मजदूर प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान पैनल या उसे उठाने के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।
तेज करंट लगते ही दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा जांच शुरू की
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों और तीसरे मजदूर से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा हाईटेंशन लाइन के पास कार्य करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं।
प्रारंभिक जांच में हादसा करंट लगने से होना सामने आया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



