राजधानी रायपुर में जमकर बरसे बदरा, तेज अंधड़ के साथ हुई मुसलाधार बारिश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मुसलाधार बारिश हुई। वहीं सुबह से बादल छाए हुए हैं और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बस्तर संभाग और कुछ अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने के संकेत दिए गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्व-पश्चिम द्रोणिका भी बनी हुई है, जिसकी वजह से प्रदेश में नमी और मौसम में बदलाव बना हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है



