MP नगरीय निकाय चुनाव: सिंगरौली में AAP की धमाकेदार एंट्री, रानी अग्रवाल ने जीता महापौर चुनाव


मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव में वैसे तो मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच देखा जा रहा था लेकिन अब आम आदमी पार्टी ने धमाकेदार एंट्री की है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में नगर निगम के महापौर की सीट पर आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने कब्जा कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिंगरौली नगर निगम महापौर चुनाव में आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने 9159 वोटों से जीत हासिल की है। उन्हें कुल 34038 वोट मिले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर भाजपा के चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा रहे, जिन्हें 24879 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के अरविन्द सिंह चन्देल को 24670 वोटों से संतोष करना पड़ा। 9 राउंड की काउंटिंग के बाद सिंगरौली को नया मेयर मिला।

अरविंद केजरीवाल ने सिंगरौली में किया था रोड शो
सिंगरौली में 6 जुलाई को पहले चरण में नगरीय निकाय चुनाव हुए थे। इस चुनाव को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। वहीं आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल के प्रचार करने के लिए दिल्ली से आम आदमी पार्टी के बड़े नेता प्रचार करने के लिए सिंगरौली पहुंचे थे। खुद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आए थे। केजरीवाल ने इस दौरान सिंगरौली में रोड शो भी किया था।
पूर्व सरपंच और विधानसभा प्रत्याशी रह चुकी हैं रानी
रानी अग्रवाल ने साल 2018 में सिंगरौली विधानसभा से भी चुनाव लड़ा था। उस दौरान उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। विधानसभा चुनाव में रानी तीसरे नंबर पर रही थीं और उन्हें 32500 मत मिले थे।
रानी अग्रवाल बरगवां ग्राम पंचायत से सरपंच रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह वार्ड क्रमांक 3 से जिला पंचायत सदस्य भी चुनी गई थी। 1976 में जन्मीं रानी की शिक्षा बारहवीं तक है। नगर निकाय चुनाव के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिंगरौली पहुंचकर रोड शो किया था और रानी को जिताने की अपील की थी।
सिंगरौली के 45 वार्ड में 21 पर आप को बढ़त
सिंगरौली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए 21 वार्ड में बढ़त हासिल कर ली है। यहां बीजेपी 2 और कांग्रेस 3 नंबर पर है।


