राजधानी के भाटागांव से शुरू हुआ आम आदमी पार्टी का ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’


रायपुर। आम आदमी पार्टी जिला रायपुर द्वारा आज सोमवार को राजधानी रायपुर के शीतला माता मंदिर चौक, भाटागांव से प्रदेशव्यापी ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’ की शुरुआत की गयी। इस अभियान के माध्यम से आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को पार्टी से जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर मजबूत जनभागीदारी तैयार करने का अभियान चला रही है। आप नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, खराब सड़कों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली, बिजली के बढ़ते बिल, किसानों और मजदूरों की समस्याओं सहित अनेक बुनियादी मुद्दों से जूझ रही है। ऐसे समय में जनता की आवाज को मजबूती से उठाने और व्यवस्था में बदलाव के लिए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना जरूरी है। ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’ के तहत गांव, शहर, वार्ड और बूथ स्तर तक कार्यकर्ता पहुंचेंगे तथा आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें आम आदमी पार्टी की विचारधारा एवं जनहित की राजनीति से जोड़ेंगे। अभियान के दौरान रायपुर के इस चौक में आप नेताओं ने देखा की वहां की सड़क पूरी तरह उखड़ी हुई है और बड़े बड़े गड्ढे हैं लोगों की बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है?
आप नेताओं ने कहा कि यह केवल सदस्य बनाने का अभियान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के आम लोगों को एकजुट कर प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए मजबूत जनआंदोलन खड़ा करने की पहल है। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में जनता की समस्याओं को लेकर सक्रिय और मजबूत संगठन तैयार हो।
आज की छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान में पार्टी की ओर से अनुष्का जोसेफ, सागर क्षीरसागर, नरेंद्र ठाकुर, विनोद चंद्राकर आदि शामिल रहे। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’ से जुड़ें और प्रदेश में ईमानदार, पारदर्शी एवं जनहित की राजनीति को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।



