छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

गृहमंत्री के दौरे के बीच रायपुर में बड़ी वारदात, मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल स्नैचिंग

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर: राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की घटनाओं के बीच सोमवार सुबह हुई एक वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रायपुर दौरे और कानून व्यवस्था को लेकर चल रही समीक्षा बैठकों के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचा और उनके हाथ में रखा मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के समय कौशिक अकेले थे।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

पुलिस घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना ऐसे समय हुई है जब गृहमंत्री अमित शाह राजधानी में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के निर्देश दे रहे हैं। इसके बावजूद शहर में लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं।

एक सप्ताह में आठ बड़ी घटनाएं

बीते एक सप्ताह के भीतर रायपुर में लूट, मोबाइल स्नैचिंग और चाकूबाजी की करीब आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो दिन पहले पंडरी इलाके में दिनदहाड़े एक युवक को ब्लेड मारकर मोबाइल लूट लिया गया था।वहीं खरोरा क्षेत्र में हुई करीब 80 लाख रुपये की लूट के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नागरिकों में भी चिंता बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Back to top button