5 लाख रिश्वत मांगने वाले छत्तीसगढ़ के 2 खिलाड़ी गिरफ्तार:अनफीट से फीट कर देंगे कहकर कैंडिडेट से पैसे मांगे, CBI ने पकड़ा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ में रेलवे के स्पोर्ट्स कोटे भर्ती हुए दो खिलाड़ियों के रिश्वत लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीबीआई (CBI) रेलवे के इन दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी शामिल हैं।
धमकी देकर वसूल ली थी कुछ रकम
सीबीआई के अनुसार, रेलवे के इन आरोपियों ने एक कैंडिडेट से 5 लाख रिश्वत मांगी थी। साथ ही कहा था मेडिकल परीक्षण के अनफिट सर्टिफिकेट को फीट कर देंगे। बताते हैं, पैसे नहीं देने पर फेल करने की धमकी देकर कैंडिडेट से कुछ रकम वसूल ली थी।
एक आरोपियों को रायपुर-दुर्ग से दबोचा
कैंडिडेट की शिकायत के बाद CBI ने कार्रवाई को अंजाम दिया। शनिवार,16 मई को एक आरोपी को रायपुर से और दूसरे को दुर्ग से गिरफ्तार किया है। पूरे मामले में विस्तार से जांच जारी है।
जानें क्या है पूरा मामला ?
सीबीआई के मुताबिक, रायपुर रेल मंडल में स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती निकाली गई थी। एक कैंडिडेट ने शिकायत आवेदन दिया। बताया लिखित परीक्षा के साथ फिजिकल टेस्ट पूरा हो चुका है। इन दोनों ही परीक्षाओं में कैंडिडेट पास हो चुका था और उसका मेडिकल टेस्ट कराया जाना बाकी था।
भिलाई में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (टेक्नीशियन-2) बी. राजशेखर राव और सीसी-टीसी राजलक्ष्मी ने कैंडिडेट से संपर्क किया था। दोनों ने उससे मेडिकल में अनफीट से फीट कर देंगे कहकर पैसों की मांग की गई थी। कुछ पैसे इन दोनों आरोपियों ने वसूल भी लिए थे।
शिकायत के बाद दोनों गिरफ्तार
सीबीआई में शिकायत के बाद अधिकारियों ने आरोपियों को पकड़ने की प्लानिंग की। शनिवार (16 मई) को टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। वहीं राजलक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम ऑफिस से पकड़ा गया।
घर से कैश मिलने की खबर
सीबीआई कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी भी ली गई। जांच में टीम को घर से लाखों रुपए कैश भी मिला है। हालांकि, कितना पैसा मिला, इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है और ना ही इस बात की पुष्टि की गई कि तलाशी में और क्या दस्तावेज मिले हैं।
आरोपियों को स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे में नौकरी मिली
गिरफ्तार के बाद दोनों आरोपियों को विशेष न्यायाधीश दीक्षा देशलहरा की कोर्ट में पेश किया गया। बताया जा रहा है दोनों अफसरों की नियुक्ति रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे से हुई थी और दोनों ही वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी हैं। सीबीआई की इस कार्रवाई से रेलवे में हड़कंप मचा हुआ है और कार्रवाई की जबरदस्त चर्चा है



