11 दिवसीय दादा गुरुदेव इक्तीसा महोत्सव 26 अगस्त से:27 मंडलों के बीच होगी महाभक्ति प्रतियोगिता; मंगल कलश स्थापना से होगा शुभारंभ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़। नवकार नगर स्थित श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय एवं मणिधारी दादाबाड़ी में दादा गुरुदेव के प्रति श्रद्धा और भक्ति को समर्पित 11 दिवसीय दादा गुरुदेव इक्तीसा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 26 अगस्त को सुबह 7:30 बजे मंगल कलश स्थापना के साथ होगा। इस अवसर पर चांदी की तोरण भी स्थापित की जाएगी। परम पूज्य मुनि श्री संवैग रत्न सागरजी म.सा. आदि ठाणा की निश्रा में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है। मंदिर की प्रतिष्ठा के बाद पहली बार मंदिर परिसर में इस तरह का 11 दिवसीय आयोजन किया जा रहा है।
अखंड ज्योत और गुरुदेव प्रतिमा स्थापना
26 अगस्त को होने वाली मंगल कलश स्थापना महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही चांदी की तोरण स्थापना, अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन, गुरुदेव प्रतिमा स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए नवकारसी की व्यवस्था भी रहेगी।
27 मंडलों के बीच होगी महाभक्ति प्रतियोगिता
11 दिवसीय भक्ति महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से शामिल होने वाले 27 मंडलों के बीच महाभक्ति प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिदिन विजेता मंडल को 11 हजार रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वाले मंडल को 5,100 रुपए तथा तीसरे स्थान के विजेता को 3,100 रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
अंतिम दिन महाविजेता को 51 हजार रुपए
प्रतियोगिता के अंतिम दिन सभी मंडलों के प्रदर्शन के आधार पर महाविजेता मंडल का चयन किया जाएगा। महाविजेता मंडल को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
धर्म और आध्यात्मिक साधना से जोड़ने का प्रयास
महोत्सव के माध्यम से दादा गुरुदेव की आराधना, इक्तीसा पाठ और भक्ति के साथ समाजजनों को धर्म एवं आध्यात्मिक साधना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 11 दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान
आयोजकों ने धर्मप्रेमी श्रावक-श्राविकाओं से 26 अगस्त को होने वाली मंगल कलश स्थापना में सहभागी होकर महोत्सव का शुभारंभ करने और दादा गुरुदेव की आराधना का लाभ लेने का आह्वान किया है।



