रायपुर में 24 घंटे में 2 चाकूबाजी,दो युवकों की मौत:मामूली विवाद के बाद हमला; कांग्रेस नेता कन्हैया बोले- अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजधानी रायपुर। के डीडी नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मामलों में मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। एक घटना में युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरे मामले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक मामले में दो नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों का पुलिस अधिकारी जल्द खुलासा करेंगे। इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने हत्याकांड पर गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के दिल से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। दोहरे हत्याकांड के बाद नागरिकों में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
केस- 1 महिला मित्र के साथ घर लौट रहा था युवक
पहली घटना महादेव घाट रोड पर गणेश मंदिर के पास हुई। निषादपारा, रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, टीकेंद्र ने बिना किसी बातचीत के कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।हमले में कैलाश घायल हो गया। बचाव में उसने टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस- 2 युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 अपचारी बालक भी शामिल हैं। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। दोनों मामलों में BNS की हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस घटनाओं के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। लगातार हुई चाकूबाजी की घटनाओं के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जा रही है।
गृह मंत्री और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग
इन मामलों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने गृहमंत्री विजय शर्मा, पुलिस प्रशासन और कमिश्नरेट प्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की कि दोहरे हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित अवैध नशे और सट्टे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
पुलिस पेट्रोलिंग सख्त करने की मांग
उन्होंने कहा कि डीडी नगर थाना क्षेत्र सहित पूरे शहर में पुलिस पेट्रोलिंग को प्रभावी और सख्त बनाया जाना चाहिए, ताकि अपराधियों में पुलिस का भय कायम हो और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
आंदोलन की चेतावनी
कन्हैया अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि शहर में बढ़ते अपराध, अवैध नशे के कारोबार और सट्टेबाजी पर लगाम नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी क्षेत्र की जनता के साथ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।



