उफनती दनिया नदी के मझधार में फंसी कार, गंडई थाना प्रभारी ने छलांग लगाकर बचाई 5 लोगों की जान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खैरागढ़। जिले के गंडई-धमधा मार्ग में पुल पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात को उफनती दनिया नदी के मझधार में फंसी कार में सवार 5 लोग फंस गए। गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले ने उफनती नदी में छलांग लगाकर पांचों को सकुशल बाहर निकाला। थाना प्रभारी के साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया। कार में 3 युवक और 2 युवती सवार थे। सभी मध्यप्रदेश के कान्हा किसली नेशनल पार्क जाने के लिए निकले थे, सभी रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार में सवार होकर 5 लोग धमधा से गंडई के रास्ते कान्हा किसली जाने के लिए जब रात करीब एक बजे दनिया पुल से गुजर रहे थे, उसी दौरान नदी में बाढ़ के चलते तैनात पुलिस कर्मियों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कुबेर साहू ने मनाही के बावजूद कार को पार करने की कोशिश की। इस दौरान कार बीच मझधार में फंस गई। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी पुलिस जवानों ने तत्काल गंडई थाना प्रभारी गेंदले को सूचित किया। दल-बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ने स्थिति को नाजुक समझते हुए तत्काल कार सवारों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। इस तरह काफी मशक्कत के बाद कमलेश साहू (रायपुर), कुबेर साहू (रायपुर), निहाल सक्सेना (रायपुर), महक कौर (भिलाई) व प्रीति रात्रे (भिलाई) को रेस्क्यू कर कार से बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष की है। पुलिस ने बेहद सावधानी बरतते हुए एक-एक को कार से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने कार सवारों से आवश्यक पूछताछ की। जिसमें उन्होंने बताया कि कान्हा किसली जाने के दौरान यह हादसा हुआ। खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने युवाओं का सफल रेस्क्यू करने पर थाना प्रभारी गेंदले को शाबासी दी और कहा कि लोगों की जान बचाने का काम एक बड़ा साहसिक कदम है। उन्होंने नदी में कूदकर रेस्क्यू करने पर थाना प्रभारी के हौसले की दाद दी।



