छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

बलौदाबाजार जिला मुख्यालय की यातायात व्यवस्था चरमराई, बंद पड़े सिग्नल और पुलिस जवानों की अनुपस्थिति से जनता परेशान : भुनेश्वर सिंह डहरिया

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बलौदाबाजार   बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में लंबे समय से चरमराई यातायात व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण शहर में यातायात व्यवस्था का इस तरह बदहाल होना बेहद चिंताजनक है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बाहर से आने-जाने वाले लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भुनेश्वर सिंह डहरिया ने कहा कि गार्डन चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इसकी ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गार्डन चौक शहर का अत्यंत व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सिग्नल बंद होने के कारण यातायात संचालन प्रभावित हो रहा है और कई बार वाहन चालकों के बीच असमंजस की स्थिति निर्मित होती है।
उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस के जवानों की नियमित ड्यूटी लगाई जाती थी। गार्डन चौक, न्यू बस स्टैंड, जनपद तिराहा, न्यायालय के सामने सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस जवान यातायात को व्यवस्थित करते नजर आते थे। इससे यातायात सुचारू रूप से संचालित होता था और आम लोगों को भी काफी राहत मिलती थी। लेकिन वर्तमान में इन प्रमुख स्थानों पर पहले जैसी यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है।
AAP जिलाध्यक्ष ने कहा कि यातायात व्यवस्था केवल चालान काटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उनका आरोप है कि वर्तमान में यातायात पुलिस की कार्रवाई मुख्य रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के चालान बनाने तक सीमित दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई आवश्यक है तो उसके साथ-साथ शहर की मूलभूत यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना भी विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब शहर के प्रमुख चौक पर सिग्नल लंबे समय से बंद है, प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त यातायात नियंत्रण नहीं है और नागरिक रोजाना जाम एवं अव्यवस्था से जूझ रहे हैं, तो जिम्मेदार विभाग इस दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठा रहा है?
भुनेश्वर सिंह डहरिया ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की है कि—
गार्डन चौक का बंद पड़ा ट्रैफिक सिग्नल तत्काल चालू कराया जाए।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस जवानों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए।
गार्डन चौक, न्यू बस स्टैंड, जनपद तिराहा, न्यायालय के सामने एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की जाए।
शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए।
पार्किंग, अतिक्रमण एवं सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर कार्रवाई की जाए।
यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ आम नागरिकों को सुविधाजनक और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
केवल चालान की कार्रवाई पर जोर देने के बजाय यातायात प्रबंधन और जनसुविधा को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है। यदि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा जल्द ही इस समस्या का संज्ञान लेकर यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी की जिला इकाई जनहित में सड़क पर उतरकर आंदोलन एवं चरणबद्ध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी विवाद या टकराव के पक्ष में नहीं है, लेकिन जनता को रोजाना होने वाली परेशानी को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। प्रशासन को समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि जिला मुख्यालय में आने-जाने वाले नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा मिल सके।

Related Articles

Back to top button