बीएसपी में ठेका श्रमिकों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी का आयोजन, 1030 श्रमिकों ने लिया भाग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भिलाई। सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सुरक्षित कार्य व्यवहार एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 30 जुलाई से 1 अगस्त तक तीन दिवसीय सुरक्षा प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र के अनुमोदन तथा कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का आयोजन संयंत्र के आयरन जोन, स्टील जोन, मिल जोन एवं सर्विस जोन में किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के कुल 1,030 ठेका श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 850 पुरुष एवं 180 महिला श्रमिक शामिल थे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों के सुरक्षा संबंधी ज्ञान का आकलन करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित कार्य पद्धतियों, संभावित जोखिमों तथा दुर्घटना निवारण के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रत्येक विभाग से तीन-तीन टीमों का चयन किया गया, जिसके पश्चात जोन स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी जोन की विजेता टीमों के मध्य आयोजित संयंत्र स्तरीय फाइनल में स्टील मेल्टिंग शॉप-2 की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन तथा प्लेट मिल की टीम संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रही।



