पंडवानी गायिका तीजनबाई के निधन की फैली अफवाह, इंटरनेट मीडिया पर शोक संवेदनाओं के संदेश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पद्मविभूषण से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पंडवानी गायिका डॉ. तीजनबाई के निधन की झूठी खबर रविवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होती रही। देखते ही देखते यह खबर सभी इंटरनेट माध्यमों में प्रसारित हो गई, जिससे उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
हालांकि बाद में करीबियों ने इस खबर का खंडन किया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शाम से ही इंटरनेट मीडिया के विभिन्न ग्रुपों में तीजनबाई के निधन की पोस्ट साझा की जाने लगी।
सोशल मीडिया पर आने लगे श्रद्धांजलि वाले पोस्ट
कई लोगों ने बिना पुष्टि किए उनकी तस्वीरों के साथ ‘श्रद्धांजलि’ वाले संदेश पोस्ट करना शुरू कर दिया। इससे न केवल उनके गृहग्राम बल्कि देश-विदेश में मौजूद उनके प्रशंसकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई। लोग एक-दूसरे को फोन कर खबर की सच्चाई जानने की कोशिश करते रहे।
परिजनों ने कहा- स्वस्थ हैं तीजनबाई
खबर की गंभीरता को देखते हुए तीजनबाई के परिजनों और उनके सहयोगियों ने स्पष्ट किया कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने निवास पर हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना किसी आधिकारिक जानकारी के ऐसी भ्रामक खबरें साझा न करें।



