बिलासपुर स्टेशन पर यात्रियों को मिली नई सुविधा, शुरू हुई बाइक रेंटल सेवा, 04 घंटे तक 100 रुपए
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री विजय कुमार ने किए विधिवत शुभारंभ स्थानीय आवागमन होगा आसान, समय एवं खर्च दोनों की होगी बचत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर स्थानीय परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा प्रारंभ की गई है। स्टेशन के कोच रेस्टोरेंट के समीप उपलब्ध इस सुविधा का विधिवत शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा है, जिसे यात्रियों को स्टेशन से शहर के विभिन्न स्थानों तक आने-जाने के लिए सुविधाजनक, किफायती और त्वरित स्थानीय परिवहन विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

यात्रियों को होंगे कई फायदे
बाइक रेंटल सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें बिलासपुर में कम दूरी के लिए त्वरित आवागमन की आवश्यकता होती है। इसके माध्यम से यात्री टैक्सी या ऑटो के लिए इंतजार किए बिना अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा कर सकेंगे। इससे न केवल यात्रा में लगने वाले समय की बचत होगी, बल्कि स्थानीय आवागमन पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकेगा। यह सुविधा पर्यटकों, छात्रों, व्यवसायिक यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। स्टेशन से शहर के प्रमुख स्थानों तक आसानी से पहुंचने के साथ-साथ यात्री अपने समय के अनुसार शहर का भ्रमण भी कर सकेंगे।
उपलब्धता एवं सेवा शुल्क
बाइक रेंटल सेवा 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बाइक किराये की दर 04 घंटे तक 100 रुपए, 4 से 8 घंटे तक 200 रुपए, 08 से 16 घंटे तक 300 रुपए तथा 16 से 24 घंटे तक 400 रुपए निर्धारित है। बिलासपुर स्टेशन पर यह सुविधा शुरू होने से रेल यात्रियों को स्टेशन से उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक सुविधाजनक, किफायती एवं स्वतंत्र परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा। यह पहल यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



