छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में जीजा ने दोनों सालियों की गोली मार की हत्या, बच्चे से मिलने से रोके जाने पर की फायरिंग

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राजधानी रायपुर के मोवा बाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात जीजा ने दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। बड़ी बहन गीतांजली वर्मा (26) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना में घायल दूसरी युवती दुर्गेश्वरी वर्मा (24) की भी इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपित जितेंद्र वर्मा (32) पेशे से बाउंसर है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। उसका अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के साथ पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था।

विवाद के बाद पत्नी बच्चे को लेकर बहन के घर चली गई

मंगलवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर अपनी बहन गीतांजली के घर चली गई। बताया जा रहा है कि बाद में पत्नी बच्चे को वहीं छोड़कर दूसरी बहन के घर चली गई। इस दौरान आरोपित जितेंद्र ने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।

इससे नाराज होकर वह रात करीब 11 बजे ससुराल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। वह बच्चे से मिलने की जिद कर रहा था। इस दौरान उसकी दोनों सालियां गीतांजली और दुर्गेश्वरी बाहर आईं और उसे बताया कि बच्चा घर पर नहीं है। साथ ही उसे वहां से जाने के लिए कहा।

आक्रोशित होकर आरोपित ने पांच राउंड फायरिंग कर दी

इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपित ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पांच राउंड फायर किए। फायरिंग में एक गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

थाने में किया सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना बाद आरोपित जितेंद्र वर्मा खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपित नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही मोवा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी की इलाज के दौरान मौत हो गई

Related Articles

Back to top button