रायपुर में असिस्टेंट बैंक मैनेजर ने की ठगी:फर्जी फॉर्म से तुड़वाई ग्राहक की FD, खाते से उड़ाए 14.97 लाख

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजधानी रायपुर। में बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में एक कर्मचारी पर ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपए की हेराफेरी करने का आरोप है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ग्राहक की पहचान सुषमा कुमार के रूप में बताई गई है।

फर्जी फॉर्म से बदला मोबाइल नंबर
गंज थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला सुषमा कुमार का खाता एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा में है। आरोप है कि बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए महिला के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। यह बदलाव ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना किया गया। मोबाइल नंबर बदलने के बाद आरोपियों ने बैंकिंग एप के जरिए ग्राहक के खाते तक पहुंच बनाई। इसके बाद ग्राहक की 14.40 लाख रुपए से अधिक की एफडी समय से पहले बंद कर दी गई।
एफडी की रकम निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर
एफडी की राशि बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में मौजूद अन्य रकम को मिलाकर कुल 14.97 लाख रुपए गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। जांच में सामने आया कि रकम गुढ़ियारी स्थित इंडियन सेल्स के खाते में भेजी गई थी। इस फर्म का संचालन योगेश येडे करता है। इसके बाद चेक और एटीएम के जरिए पूरी रकम निकाल ली गई।
7 अगस्त को हुआ मामले का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब पीड़ित महिला बैंक पहुंचीं। खाते की जानकारी लेने पर उन्हें गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की। बैंक की आंतरिक जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद शाखा प्रबंधक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे।



