बायोफैच इंडिया में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बने जीपीएम के जैविक उत्पाद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नई दिल्ली में आयोजित देश के सबसे बड़े एवं प्रतिष्ठित जैविक उद्योग व्यापार मेला एवं सम्मेलन बायोफैच इंडिया 2026 में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान के स्वसहायता समूहों द्वारा उत्पादित जैविक अरपा बिहान विष्णुभोग राइस तथा केवची के जंगलों से संग्रहित प्राकृतिक शहद का राष्ट्रीय स्टॉल में प्रदर्शन किया गया। इस उपलब्धि से जिले के जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे के निर्देशन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्वसहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठन द्वारा तैयार किए जा रहे जैविक उत्पाद लगातार राष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं।

जिला मिशन प्रबंधक दुर्गाशंकर सोनी ने बताया कि आगामी समय में जिले में जैविक विष्णुभोग धान एवं शहद के साथ-साथ सूरन, कटहल एवं अन्य जैविक सब्जियों के उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में महिला स्वसहायता समूह आर्थिक रूप से सशक्त होकर लखपति दीदी बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। ऐसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच समूहों के उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं का उत्साहवर्धन एवं आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।



