छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर करोड़ों रुपये खर्च, लेकिन जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर जड़ा रहा ताला – आम आदमी पार्टी ने उठाए सवाल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बलौदाबाजार, 01 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जहां प्रदेशभर में शासन द्वारा भव्य आयोजन किए जा रहे हैं और इन आयोजनों की तैयारियों में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर ताला लगा होना शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। तब से प्रतिवर्ष 1 नवंबर को पूरे प्रदेश में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गौरव के साथ मनाया जाता है। लेकिन आज स्थापना दिवस के ही दिन बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट गार्डन में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर ताला लगा हुआ पाया गया।
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा की टीम जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट गार्डन पहुंची। वहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर ताला देखकर पार्टी पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। टीम द्वारा शासन-प्रशासन से इस संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इस पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक स्थिति है कि जिस 1 नवंबर को पूरा छत्तीसगढ़ अपनी अस्मिता, संस्कृति और गौरव का उत्सव मना रहा है, उसी दिन जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर ताला लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार स्वयं को छत्तीसगढ़िया हितैषी और छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपराओं का रक्षक बताती है। लेकिन केवल बड़े-बड़े आयोजन करने, मंच सजाने और करोड़ों रुपये खर्च करने से छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सम्मान साबित नहीं होता। सम्मान तो उस दिन दिखाई देना चाहिए, जब छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के सामने आम जनता को श्रद्धा और सम्मान अर्पित करने की सुविधा उपलब्ध हो।
जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर स्थापना दिवस के दिन ही छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर ताला क्यों लगाया गया? क्या शासन-प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी? क्या स्थापना दिवस के लिए जिला प्रशासन की कोई पूर्व तैयारी नहीं थी?
आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान से जुड़ी ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ महतारी का सम्मान केवल भाषणों और आयोजनों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शासन-प्रशासन के व्यवहार और कार्यप्रणाली में भी दिखाई देना चाहिए।



