जल संकट पर कांग्रेस ने घेरा निगम दफ्तर:बोर सूखे, टैंकर भी नहीं आ रहा, 1KM दूर से पानी लाने को मजबूर हैं लोग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस और स्थानीय लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने शहर के जोन-8 कार्यालय का घेराव किया। मामला गुढियारी, अशोक नगर और बजरंग चौक समेत आसपास के इलाकों में लंबे समय से चल रही पानी की किल्लत का है।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-19, दुर्गा चौक, बजरंग चौक, बड़ा अशोक नगर और आसपास की बस्तियों में हालात बेहद खराब बताए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पीने का पानी तक उन्हें करीब एक किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है। इलाके की ज्यादातर बोरिंग बंद पड़ी हैं और टैंकर की सप्लाई भी जरूरत के मुकाबले बहुत कम है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर नगर निगम गंभीर नहीं है। प्रशासन सिर्फ कागजी दावे और फोटो जारी कर हालात सामान्य दिखाने की कोशिश कर रहा है, जबकि जमीन पर लोग पानी के लिए जूझ रहे हैं। हरितवाल ने सवाल उठाया कि जब पानी का टैक्स लिया जा रहा है तो पर्याप्त सप्लाई क्यों नहीं दी जा रही।
वहीं, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि, पानी की कमी का असर लोगों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। लोगों को दिनभर पानी के इंतजार में घर पर रहना पड़ता है, जिससे वे काम पर नहीं जा पा रहे। उन्होंने कहा कि टैंकर सप्लाई लगभग न के बराबर है और जो पानी मिल रहा है, वह भी जरूरत से कम है।
पानी नहीं मिलने से दिनचर्या प्रभावित
स्थानीय निवासियों ने बताया कि, वे पिछले करीब एक महीने से लगातार इस समस्या से जूझ रहे हैं। टैंकर समय पर नहीं आते और आने पर भी सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। ऐसे में घरेलू कामकाज से लेकर कामकाजी लोगों की दिनचर्या तक बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।



