मदननगर भूमि अधिग्रहण विवाद में AAP की एंट्री, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सरपंच से की बात; बुधवार को फिर पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
मदननगर के ग्रामीणों के साथ AAP, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सरपंच से की बात; बुधवार को फिर पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सूरजपुर आप नेता लव कुमार के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के सूरजपुर जिला कमेटी एवं प्रतापपुर ब्लॉक कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मदननगर पहुंचकर बर्खास्त सरपंच सुंदरी बाई से मुलाकात की और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने फोन पर सरपंच पति एवं प्रतिनिधि बाबूलाल पोया से बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि मदननगर भूमि अधिग्रहण और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े इस मामले को राज्यसभा में भी उठाया जाएगा तथा प्रभावित ग्रामीणों और सरपंच को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
ज्ञात हो कि सूरजपुर जिले के मदननगर में SECL द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए किए जा रहे सर्वे का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। इसी दौरान 24 जुलाई 2026 को भारी पुलिस बल के साथ सीमांकन के प्रयास के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें 24 पुलिसकर्मियों सहित कई ग्रामीण घायल हुए। इसके बाद लगभग 150 ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
घटनाक्रम के बाद मदननगर की सरपंच सुंदरी बाई को पद से बर्खास्त कर दिया गया। इसके विरोध में पंचायत के सभी 20 पंचों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी मदननगर के ग्रामीणों के न्याय और अधिकार की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। ग्रामीणों की समस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से समाधान होना चाहिए।
जिला संगठन महासचिव पुनीत दुबे ने कहा कि ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के प्रावधानों का सम्मान किया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी ग्रामीणों की आवाज हर स्तर पर उठाएगी।
बुधवार को दोबारा मदननगर पहुंचेगा AAP प्रतिनिधिमंडल
मदननगर भूमि अधिग्रहण मामले में प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को और विस्तार से समझने के लिए आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को दोबारा मदननगर पहुंचेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी लेगा तथा आगे की रणनीति पर चर्चा करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में आप नेता लव कुमार, लोकसभा उपाध्यक्ष दिनेश देवांगन, जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल, जिला संगठन महासचिव एवं विधानसभा संगठन मंत्री सुकेश्वर वारिश खान, अभय सिंह, संदीप कुमार, जुगेंद्र सिंह, बृजमोहन एवं मुकेश कुमार शामिल रहे।


