छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

धमतरी में ED की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के घर छापा, 3200 करोड़ के शराब घोटाले से जुड़े तार

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। राज्य में शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को धमतरी में कार्रवाई की। ईडी की टीम कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के सिहावा रोड स्थित घर पहुंची। करीब सुबह सात बजे दो अलग-अलग वाहनों से पहुंचे अधिकारियों के साथ सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे। करीब आठ सदस्यीय टीम घर के भीतर दस्तावेजों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसके अलावा रायपुर में भी रामगोपाल से जुड़े लोगों के यहां भी ईडी की जांच जारी होने की खबर है।

तीन सालों से सामने नहीं आए हैं रामगोपाल अग्रवाल

रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय से जांच एजेंसियों की रडार पर रहे हैं। खास बात यह है कि वह करीब तीन वर्षों से सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आए हैं। इस दौरान उनके देश और विदेश में होने को लेकर भी अलग-अलग चर्चाएं होती रही हैं। ईडी की मौजूदा कार्रवाई को इसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

3,200 करोड़ के शराब घोटाले का आरोप

3,200 करोड़ के शराब घोटाले की जांच ईडी और ईओडब्ल्यू कर रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट के जरिए अवैध शराब बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। एजेंसियों ने इस पूरे नेटवर्क में करीब 3200 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। जांच के दौरान आइएएस अधिकारियों, आबकारी विभाग से जुड़े अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले में जांच व अदालती प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button