छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

2 अगस्त आदर्श मित्रता दिवस पर अंतरधार्मिक मित्रों का होगा सम्मान

30 वर्षों से अधिक समय से मित्रता निभा रहे 10 प्रेरक मित्र समूह होंगे सम्मानित, उनकी जीवन-यात्रा पर प्रकाशित होगी विशेष स्मारिका

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। समाज में आपसी विश्वास, भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ़ोरम एवं सर्व आस्था मंच के संयुक्त तत्वावधान में ‘आदर्श मित्रता दिवस’ का आयोजन रविवार, 2 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विमतारा हॉल, न्यू शांति नगर, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य ऐसे मित्रों को समाज के सामने लाना और सम्मानित करना है, जिन्होंने धर्म, पंथ, जाति, भाषा अथवा समुदाय की भिन्नताओं के बावजूद दशकों तक मित्रता, विश्वास, प्रेम, सम्मान और इंसानियत का रिश्ता निभाकर
सामाजिक समरसता की मिसाल कायम की है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे रिश्ते भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहज़ीब और “विविधता में एकता” की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के लिए रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से ऐसे दो या तीन मित्रों के समूह आमंत्रित किए जा रहे हैं, जो अलग- अलग धर्म, पंथ या समुदाय से संबंधित हों तथा लगभग 30 वर्ष या उससे अधिक समय से मित्रता के अटूट बंधन में जुड़े हों। इच्छुक प्रतिभागी अपने नाम, संक्षिप्त परिचय, संपर्क विवरण तथा अपनी मित्रता की प्रेरक कहानी आयोजन समिति को भेज सकते हैं।

प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण एक स्वतंत्र चयन समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित 10 आदर्श मित्र समूहों को समारोह में ‘आदर्श मित्रता सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उनकी मित्रता की प्रेरक यात्रा, संघर्ष, अनुभव और सामाजिक संदेश भी उपस्थित जनसमुदाय के साथ साझा किए जाएंगे।
इस आयोजन की एक महत्वपूर्ण विशेषता ‘आदर्श मित्रता स्मारिका’ होगी। चयनित 10 मित्र समूहों की जीवन-यात्रा,
मित्रता के प्रेरक प्रसंग, संघर्ष, विश्वास और सामाजिक संदेश को संकलित कर एक आकर्षक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। इस स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम के दिन किया जाएगा तथा उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों और नागरिकों के बीच इसका वितरण किया जाएगा। यह स्मारिका केवल मित्रता की कहानियों का संग्रह नहीं होगी, बल्कि सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रीय एकता का एक प्रेरणादायी दस्तावेज़ बनेगी।
आयोजन समिति ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिचय में ऐसे प्रेरणादायी मित्रों की जानकारी आयोजन समिति तक पहुँचाएँ, ताकि उनकी मित्रता की कहानी समाज के सामने आ सके और उन्हें उचित सम्मान मिल सके।

आयोजकों का विश्वास है कि ‘आदर्श मित्रता दिवस’ केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने वाला एक जन अभियान सिद्ध होगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को यह प्रेरणा देगी कि सच्ची मित्रता धर्म, जाति, भाषा और समुदाय की सीमाओं से कहीं ऊपर होती है तथा यही भावना एक सशक्त, समरस और विकसित भारत की आधारशिला है।

मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ़ोरम एवं सर्व आस्था मंच ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं सभी सम्मानित सदस्यों के साथ-साथ प्रदेश के सभी दैनिक समाचार पत्रों, समाचार एजेंसियों, पत्रिकाओं, न्यूज़ पोर्टलों, टीवी चैनलों, डिजिटल मीडिया संस्थानों, संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों, संवाददाताओं, छायाकारों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से सादर अनुरोध किया है कि वे इस प्रेस वार्ता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अनूठे आयोजन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर समाज में सद्भाव और मित्रता के इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button