छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर विस्फोटक मामला… आरोपी रायपुर नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा आत्महत्या के लिए बम बनाने का दावा

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। राजधानी रायपुर में विस्फोटक सामग्री मिलने के चर्चित मामले में खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विनय कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रायपुर नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैटरी, फटाका ज्वॉइंटर, कनेक्टर लगे वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी घटना के बाद लगातार ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था।

संदिग्ध बैग से हुआ था बम और पिस्टल का खुलासा

पुलिस के मुताबिक 7 मई की सुबह खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बीरगांव प्रगति चौक स्थित पुष्पा साहू के मकान में एक संदिग्ध बैग रखा हुआ है। बैग को विनय कुमार देवांगन रात में यह कहकर छोड़ गया था कि सुबह लेकर चला जाएगा, लेकिन अगले दिन वह नहीं लौटा। संदेह होने पर जब बैग खोला गया तो उसमें बम जैसी सामग्री और पिस्टल दिखाई दी। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस, बीडीएस टीम और बैलिस्टिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे

जांच में बरामद हुई आईईडी मैकेनिज्म और विस्फोटक सामग्री

बैग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर खोला गया। जांच में तीन बम नुमा बोतलें, तार, बैटरी, आईईडी मैकेनिज्म, मोबाइल चिप, फिलामेंट और एयर पिस्टल बरामद हुई। विस्फोटक डिटेक्शन किट से जांच में सामग्री विस्फोटक पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी भनपुरी रिंग रोड नंबर-2 इलाके में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक तनाव और आत्महत्या की साजिश का कबूलनामा

पूछताछ में आरोपी विनय कुमार देवांगन ने बताया कि वह पारिवारिक तनाव से परेशान था और आत्महत्या करने की नीयत से विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था। आरोपी ने घटना में इस्तेमाल अन्य सामान और मोटरसाइकिल के बारे में भी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार देवांगन (49) ग्राम मलौद देवांगन पारा, सिलयारी का रहने वाला है और वर्तमान में बीरगांव के त्रिमूर्ति नगर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button