Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस वर्ष छत्तीसगढ़ की झांकी में जनजातीय वीर नायकों को समर्पित डिजिटल संग्रहालय की अद्भुत झलक प्रदर्शित की जाएगी।
रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति द्वारा गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन किया गया है। यह डिजिटल संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर एक नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में लोकार्पित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
झांकी के चयन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की झांकी के माध्यम से देशभर के नागरिकों को आदिवासी समाज की अटूट देशभक्ति, अनुपम वीरता और अपने सिद्धांतों के लिए बलिदान की गौरवशाली परंपरा को देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए गर्व और उत्साह का विषय बताया।
इस तरह हुआ झांकी का चयन
जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव ने बताया कि सभी राज्यों द्वारा अपनी झांकियों के प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजे गए थे। लगभग चार महीने तक चली विस्तृत और कठोर चयन प्रक्रिया के बाद 17 राज्यों की झांकियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ की झांकी भी शामिल है।