प्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड

बागेश्वर धाम में तनाव…यादव महासभा व धाम समर्थक आमने सामने

पुलिस ने बढ़ायी सुरक्षा,प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

छतरपुर। भगवान श्रीकृष्ण पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छतरपुर में विवाद गहरा गया है। यादव महासभा के अध्यक्ष दामोदर यादव ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का एलान किया था। इसके जवाब में धाम के समर्थक भी लामबंद हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक लाठियों को तेल पिलाते और जूते दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को धमकी देते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप ले लिया, जब बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के पास नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए छतरपुर और बागेश्वर धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

धाम समर्थकों की ओर से जारी वीडियो में युवा लाठियों के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक हजार से अधिक युवाओं के तैयार होने का दावा किया गया है। वहीं, गढ़ा निवासी उत्तम सिंह ने दामोदर यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि धाम में आने वाले प्रदर्शनकारियों का जूते से स्वागत किया जाएगा। इस तरह की बयानबाजी से विवाद और बढऩे की आशंका है।

 29 अक्टूबर के बयान से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत 29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में कथा के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से हुई। उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण के टेढ़े स्वरूप, बांसुरी बजाने और गाय चराने को लेकर टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा था कि कृष्ण तीन जगह से टेढ़े खड़े होते हैं, जबकि भगवान राम सीधे खड़े होते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि बंसी बजाना और गाय चराना खेल है, जबकि धनुष चलाना खेल नहीं।

इस टिप्पणी के बाद यादव महासभा ने विरोध जताया। अब विरोध प्रदर्शन और जवाबी धमकियों के बीच मामला धार्मिक आस्था के साथ कानून-व्यवस्था की चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस-प्रशासन के सामने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने और शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी है।

Related Articles

Back to top button