एसबीआई के लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन के गहने गायब; होगी फॉरेंसिक जांच
लॉकर से छेड़छाड़ और डुप्लीकेट चाबी की आशंका की जांच जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भोपाल। आईआईएफएम परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश रेरा के पूर्व चेयरमैन एपी श्रीवास्तव के बैंक लॉकर से कीमती गहने गायब हो गए हैं। गुरुवार दोपहर जब वे अपनी बेटी के साथ लॉकर खोलने पहुंचे, तो लॉकर पूरी तरह खाली मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को प्रारंभिक जांच में लॉकर के हैंडल पर कोई फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। अब पुलिस पूरे लॉकर को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजने की तैयारी कर रही है।
दूसरी बेटी के बयान दर्ज होंगे: जॉइंट लॉकर होने के कारण पुलिस बेंगलुरु में रह रही श्रीवास्तव की दूसरी बेटी श्रुति के भोपाल आने पर उनके बयान दर्ज करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दिसंबर 2024 में गहने रखते समय कौन-कौन मौजूद था।
अन्य बैंकों के लॉकर भी खंगाले: पुलिस ने इस आशंका की भी जांच की कि कहीं गलती से गहने किसी दूसरे बैंक के लॉकर में तो नहीं रख दिए गए, लेकिन श्रीवास्तव के अन्य लॉकरों में भी गहने नहीं मिले।
सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ की भूमिका: पुलिस ने बैंक से पिछले तीन महीनों के सीसीटीवी फुटेज तलब किए हैं। इसके जरिए लॉकर रूम में आवाजाही करने वाले लोगों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।



