दुष्कर्म के आरोप में कथावाचक नरेंद्र शास्त्री गिरफ्तार, नेता बना रहे मामला वापस लेने का दबाव

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र शास्त्री को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बागबाहरा थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में एक महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर के सिलयारी इलाके से हिरासत में लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बागबाहरा लाया गया, जहां मामले की आगे की जांच जारी है.
इधर आरोप है कि कुछ नेता पीड़िता और उसके पति पर मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे हैं. कुछ लोगों ने पीड़िता के घर पहुंच कर उन्हें धमकाया कि अगर उन्होंने मामला वापस नहीं लिया तो उसकी पहचान उजागर कर दिया जाएगा और पीड़िता के तमाम रिश्तेदारों तक यह बात पहुंचा कर, उसे बदनाम कर दिया जाएगा.
हालांकि पीड़िता ने इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है.
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में नरेंद्र शास्त्री पर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. महिला ने 6 मई को बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत सौंपी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत एफआईआर दर्ज की. ये धाराएं दुष्कर्म, एक ही महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म तथा महिला की कमजोर या असहाय स्थिति का फायदा उठाकर यौन शोषण करने जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित हैं.
नरेंद्र शास्त्री चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखते हैं. उन्हें आमतौर पर ‘चावल वाले बाबा’ और ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता है. उनके अनुयायियों का दावा है कि वे लोगों द्वारा लाए गए चावल के दानों और एक लाल फूल के आधार पर उनके जीवन से जुड़ी बातों का आकलन करते हैं. इसी विशेष शैली के कारण उन्हें व्यापक प्रसिद्धि मिली थी और उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहे हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच की गई और पर्याप्त आधार मिलने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें रायपुर के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी तक विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही विस्तृत तथ्य साझा किए जाएंगे.
उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में छत्तीसगढ़ में स्वयंभू बाबा और धार्मिक व्यक्तित्वों पर महिलाओं के यौन शोषण से जुड़े कई मामले सामने आए हैं. इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले में एक अन्य कथित बाबा, निर्मल बाबा (60), को भी दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. आरोप था कि इलाज और समस्या समाधान के नाम पर महिला का यौन शोषण किया गया.



