छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें
रायपुर में इंजीनियरिंग कालेज के रास्ते में स्पर्म डोनेशन का पोस्टर, ऑन द स्पॉट कैश का ऑफर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का एक प्रमुख शैक्षणिक इलाका इन दिनों एक अजीबोगरीब पोस्टर को लेकर चर्चा में आ गया है। शहर के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज के रास्ते में अंग्रेजी में छपा स्पर्म डोनेशन (वीर्यदान) का विज्ञापन पोस्टर देखा गया है। इस पोस्टर में डोनेशन करने वाले को ऑन द स्पॉट यानी तुरंत नकद भुगतान करने का लालच दिया गया है, साथ ही संपर्क के लिए एक फोन नंबर भी जारी किया गया है। कॉलेज के युवाओं और राहगीरों के लिए यह पोस्टर कौतूहल का विषय बन गया है।
महानगरों की राह पर रायपुर
दरअसल, देश के अन्य बड़े महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में इस तरह के पोस्टर और ऑनलाइन विज्ञापन पहले भी कई बार देखे जा चुके हैं। पूर्व के प्रकरणों पर नजर डालें तो ऐसे अधिकांश मामलों के पीछे शातिर साइबर ठगों (स्कैमर्स) का हाथ होता है। ये ठग स्पर्म डोनेशन के नाम पर युवाओं को मोटी रकम का लालच देते हैं और फिर रजिस्ट्रेशन फीस या मेडिकल टेस्ट के नाम पर उनसे एडवांस पैसों की ठगी कर लेते हैं। कई बार अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक भी बिना किसी कानूनी मान्यता के युवाओं को पैसों का प्रलोभन देकर इस तरह के अवैध रैकेट चलाते हैं। रायपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास ऐसा पोस्टर लगना सीधे तौर पर उन छात्रों को टारगेट करने की कोशिश है जो पॉकेट मनी या त्वरित कमाई की तलाश में रहते हैं।
बालीवुड हालीवुड में बन चुकी हैं फिल्में
स्पर्म डोनेशन जैसे संवेदनशील विषय पर बॉलीवुड में आयुष्मान खुराना स्टारर सुपरहिट फिल्म विक्की डोनर (2012) और हॉलीवुड में विंस वॉन की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म डिलीवरी मैन (2013) बन चुकी है, जिसने इस मुद्दे को मुख्यधारा की चर्चा में लाया था।
आयुर्वेद कहता है शुद्ध वीर्य से ओजस्वी संतान
आयुर्वेद के अनुसार, उत्तम और शुद्ध वीर्य ही ओज तथा स्वस्थ संतान का आधार है। सुश्रुत संहिता के सूत्र सौम्यं शुक्लम् के अनुसार, सदाचारी और मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति का वीर्य ही श्रेष्ठ माना गया है।




