छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

NH-30 किनारे होटल-ढाबों पर पुलिस की सख्ती:हाई बीम लाइट, अतिक्रमण और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) पर सड़क हादसों और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए धरसीवां पुलिस ने होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त हिदायत दी है। थाना परिसर में आयोजित बैठक में पुलिस ने साफ कहा कि हाईवे किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में थाना प्रभारी ने होटल-ढाबा संचालकों को निर्देश दिए कि सड़क की भूमि का व्यावसायिक उपयोग न करें और प्रतिष्ठानों के बाहर किसी तरह का अतिक्रमण न होने दें। साथ ही जरूरत से ज्यादा हाई इंटेंसिटी लाइट लगाने से भी मना किया गया, क्योंकि इससे हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।

पुलिस ने कहा कि ग्राहकों और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से कराई जाए, ताकि हाईवे पर जाम या दुर्घटना की स्थिति न बने। शराबखोरी, जुआ या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों को बिना पहचान सत्यापन के ठहराने पर भी रोक लगाने को कहा गया। इसके अलावा होटल-ढाबों में काम करने वाले कर्मचारियों, श्रमिकों और अन्य स्टाफ का पूरा परिचय और पहचान संबंधी दस्तावेज थाना में जमा कराने के निर्देश दिए गए, जिससे जरूरत पड़ने पर उनका सत्यापन किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तुरंत साझा करना उनकी सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र में शांति व सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

धरसीवां पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस तरह की समन्वय बैठकें आगे भी लगातार आयोजित की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button