मतदाता सूची से नाम हटाने की आपत्तियों पर निर्वाचन आयोग सख्त, कलेक्टरों से कहा-गलत न हो

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भोपाल। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण में प्राप्त आपत्तियों पर प्रदेश कांग्रेस ने 350 आपत्तियां दर्ज कराई हैं। दरअसल, नाम काटने के लिए जिनके नाम से आपत्तियां की गईं, उनमें से कई आवेदन देने से ही मना कर चुके हैं।
इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा को ज्ञापन दिए हैं, जिसके बाद आयोग ने कलेक्टरों (जिला निर्वाचन अधिकारियों) को निर्देश दिए हैं कि आपत्तियों पर गंभीरता से काम करें। किसी भी स्थिति में पात्र मतदाता का नाम नहीं हटना चाहिए।
प्रदेश में प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-सात भरकर देने का प्रविधान है। प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि इसमें बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है। ऐसे मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन दिए गए हैं, जो पात्रता रखते हैं।
आवेदन भी फर्जी नामों से जमा किए गए। रायसेन, टीकमगढ़ सहित कई जिलों में कांग्रेस ने इसे लेकर पड़ताल की तो यह सामने आया कि जिसके नाम से आवेदन किया गया है, उसने जमा ही नहीं किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति जेल में है, उसके नाम से भी आवेदन हो गया। इस तरह की कई और शिकायतें सामने आईं हैं, जिसके आधार पर जिला कांग्रेस कमेटियों की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देने के साथ एफआइआर के लिए आवेदन भी दिए गए हैं।



