टोकन शुरू होने के पहले दिन ही 85 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप से लिया टोकन

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बलौदाबाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जिले के किसानों में खासा उत्साह है। किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलने से टोकन जारी होने के पहले ही दिन 10 नवम्बर को 85 किसानों ने तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से 15 नवंबर 2026 को धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है। इन किसानों ने जिले के 36 उपार्जन केंद्रों में कुल 317 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए टोकन बुक कराया है।कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले के 181 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां की जा रही हैं। 15 नवंबर 2026 से सभी केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के कुल 1,69,970 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1,67,121 थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2,849 नए किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 1,41,299 हेक्टेयर है। किसानों को धान विक्रय में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 13 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कोटियाडीह, कोसेमसरा (ब), ताराशिव, बाम्हनपुरी, धवईं, पनगांव, खपरी, अमेठी, अछोली, केसदा, कचलोंन, चिचिरदा एवं बेंदरी शामिल हैं। नए केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और उन्हें आवागमन में भी सुविधा होगी।



