छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

भाई दूज कल, तिलक लगाने का शुभ समय 12:55 से 3:09 बजे तक

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। भाई-बहन के प्रेम का त्योहार भाई दूज बुधवार को मनाया जाएगा। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व में बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना करती हैं। भाई भी बहनों को उपहार देकर हमेशा उनका साथ निभाने का वादा करते हैं। भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 12:55 से 3:09 बजे तक रहेगा। द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हो चुकी है, जो 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। बहनें इस दौरान विधि-विधान से पूजा कर भाइयों को तिलक लगा सकती हैं।
बहनें सुबह स्नान कर साफ कपड़े पहनें। पूजा की थाली में रोली, अक्षत, चंदन, फूल, मिठाई और दीपक रखें। शुभ मुहूर्त में भाई को आसन पर बैठाकर माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं। इसके बाद आरती उतारें और मिठाई खिलाकर उसकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें। कई जगह बहनें इस दिन भाइयों को भोजन भी कराती हैं। तिलक और पूजा के बाद भाई अपनी बहनों को उपहार देते हैं। इस दिन यमराज और यमुना की पूजा करने की भी परंपरा है। कुछ जगहों पर यमुना नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है। यह त्योहार भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी को बनाए रखने का संदेश देता है।धार्मिक मान्यता के अनुसार एक बार यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो भाई अपनी बहन से तिलक करवाए और उसके घर भोजन करे, उसे लंबी उम्र और सुखी जीवन का आशीर्वाद मिले। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई।

Related Articles

Back to top button